हरगांव (सीतापुर)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर महिला व युवक का शव फंदे से लटकता मिला। दोनों ही मामलों में पुलिस को कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है।
थाना क्षेत्र हरगांव की ग्राम पंचायत अरमी के मजरा कैमा निवासी संदीप (19) का शव रविवार को घर के दरवाजे की कुंडी से लटकता पाया गया। जानकारी होते ही परिजन उसे सीएचसी हरगांव लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसओ अरविंद पांडेय ने बताया कि संदीप बीमार रहता था। करीब छह माह से उसे दिखना भी बंद हो गया था। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, थाना क्षेत्र तंबौर के गांव शिवपुर निवासी रामकली (50) का शव गांव के बाहर पेड़ से लटकता मिला। जानकारी होने पर परिजनों ने शव को पेड़ से उतारा और सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसओ विजयेंद्र सिंह ने बताया कि कोई प्रार्थनापत्र नहीं मिला है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।