सीतापुर शहर कोतवाली में तरीनपुर काली माता मंदिर के पास गुरुवार दोपहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली सिर में काफी पास से मारी गई थी। मृतक के परिवारीजन ने मोहल्ले के ही एक युवक को नामजद किया है।
पुलिस ने मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर विनय गौतम का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला बताया जा रहा है।
तरीनपुर निवासी सोनू कनौजिया (26) पुत्र राजू घर के निकट ही काली माता मंदिर के पास मौजूद था।
इसी बीच एक युवक ने सोनू के सिर में गोली मार दी और भाग निकला। सिर में गोली लगते ही युवक मौके पर ही गिर पड़ा। उधर, फायरिंग की आवाज सुन उसके परिवारीजन भी पहुंच गए। लोगों की मदद से आननफानन उसे जिला अस्पताल लाया गया।
यहां से उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया लेकिन कमलापुर के पास उसने दम तोड़ दिया। पुलिस का दावा है कि सोनू का पड़ोस की ही एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जिसके कारण उसकी हत्या कर दी गई।
उसके पिता ने मोहल्ले के ही विपिन पुत्र जीतू पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि विपिन की बहन से सोनू ने शादी कर ली थी। यह उसे नागवार गुजरा, जिसके कारण उसकी हत्या कर दी।
खबर लगते ही इंस्पेक्टर विनय गौतम मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर का कहना है कि घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। जांच चल रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।