हरगांव इलाके के परसेहरा माल के निकट बुधवार देर शाम बहन के घर जा रहे लखीमपुर के एक युवक को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खबर पाकर एसपी बालेंदु भूषण सिंह, एएसपी उत्तरी सहित भारी पुलिस ने मामले की जांच की है। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र के हलनापुर गांव निवासी सुनील (35) की हरगांव इलाके के अरमी गांव में बहन पुष्पा रहती है।
बताते हैं कि सुनील बुधवार देर शाम अपनी बहन के घर जा रहा था। जब वह परसेहरा माल रजबहा के निकट पहुंचा तभी बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया और गोली मार दी। जानकारी होने पर सुनील के रिश्तेदार व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। खबर पाकर एसपी बालेंदु भूषण सिंह, एएसपी मनोज सोनकर, सीओ उमाशंकर सिंह, एसओ रमेश चंद्र यादव भी आ गए।
उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। यहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक ट्रॉमा सेंटर में युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है। अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, लेकिन पुलिस ने मामले में कई लोगों को रात में ही हिरासत में ले लिया था।