शहर के बड़ा डाकघर चौराहे के पास एक शराब की दुकान में सोमवार शाम एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात की दहशत से लोगों ने दुकानें बंद कर दी। घटना के पीछे रंजिश का मामला बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी गई है।
शहर कोतवाली इलाके के बड़ा डाकघर चौराहे के पास टेलीफोन कॉलोनी के सामने एक शराब की दुकान में सोमवार की शाम करीब पांच बजे शहर के आर्यनगर निवासी प्रतीक शुक्ला (35) पुत्र कमल शुक्ला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। खबर पाते ही वहां कोतवाल दीपक शुक्ला फोर्स के साथ पहुंच गए।
पुलिस ने प्रतीक को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता कमल शुक्ला ने बताया कि उसके बेटे की विजय लक्ष्मीनगर निवासी पंकज शुक्ला उर्फ पीके पंडा से रंजिश चल रही थी। उसी ने प्रतीक पर धारदार से हथियार से हमला किया है।
घटना के बाद शराब की दुकान का संचालक भी भाग निकला। बताते हैं कि प्रतीक वहां शराब पीने गया था। इस बीच पीके पंडा भी वहां पहुंच गया। दोनों में पहले तकरार हुई, जिसके बाद उसने प्रतीक की हत्या कर दी।
इंस्पेक्टर दीपक शुक्ला का कहना है कि घटना के पीछे रंजिश का मामला है। अभी तक पंकज शुक्ला का नाम आ रहा है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बताते हैं कि हत्या आरोपी पंकज शुक्ला की दाहिनी आंख में करीब पांच साल पूर्व प्रतीक कैंची घोंप दी थी। जिसके कारण पंकज की एक आंख फूट गई थी। सीओ सिटी रामसनेही यादव ने बताया कि आशंका है कि मौका पाकर अब पंकज ने प्रतीक की हत्या कर दी। उसकी तलाश की जा रही है।