थानगांव थाना क्षेत्र में दबंगों ने भूमि कब्जाने के लिए एक महिला की जमकर पिटाई की। गांव के लोगों ने हस्तक्षेप किया तो महिला पर भूत सवार होने की बात कहकर उसके तलवों को गर्म चिमटे से दागा। पीड़िता ने इस संबंध में थानगांव थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले में अनभिज्ञता जता रही है।
थानगांव के ग्राम फौजदार पुरवा निवासी हीरालाल का गांव के ही सोहन लाल से भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद चलता है। वह जरूरी काम से बाहर गया था। घर पर उसकी पत्नी पूजा देवी (30) थी। अकेला पाकर सोहन लाल व उसका पुत्र रमेश उसे डंडों से पीटने लगे।
चीख सुन गांव के लोग मौके पर पहुंचे, तब सोहन व उसके पुत्र ने ग्रामीणों को बताया कि पूजा पर भूत सवार है। जिसके बाद पिता व पुत्र ने आग में चिमटा गर्म करके उसके तलवों पर लगा दिया। यह देख ग्रामीणों ने विरोध किया, तो पिता पुत्र ग्रामीणों से भिड़ गए।
इसी बीच पूजा देवी मौका पाकर निकल भागी। उसने गांव में ही एक घर में छिपकर जान बचाई। शुक्रवार को जब उसका पति लौटकर घर पहुंचा, तब महिला ने आपबीती बताई। पति ने बताया कि सोहन लाल से उसका जमीनी विवाद चलता है। पत्नी को इसलिए प्रताड़ित कर भगा देना चाहते हैं।
हीरालाल ने बताया कि उसकी पत्नी बिहार की निवासी है। इसलिए ये लोग और भी डरा धमका रहे हैं। पीड़ित ने थानगांव थाने में तहरीर दी है। इधर थानाध्यक्ष अमित सिंह ने घटना से अनभिज्ञता जताई है।