एसपी ऑफिस के पड़ोस में स्थित वी-मार्ट शोरूम से चोरों ने नकदी व कपड़ों समेत हजारों रुपये का माल पार कर दिया। चोर यहां छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए थे। अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने लगभग एक लाख का माल पार कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर वी-मार्ट शोरूम है। स्टोर मैनेजर उदय नारायन प्रजापति ने बताया कि मंगलवार सुबह जब मार्ट खोला गया तो पूरा सामान बिखरा हुआ था। कैश काउंटर चेक किया गया तो वह भी टूटा था।
साथ ही चोरों ने मार्ट की तिजोरी भी तोड़ने की कोशिश की। खबर पाकर सीओ सिटी राहुल मिठास, इंस्पेक्टर दीपक शुक्ला मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। चोरी गए माल के बारे में मैनेजर ने कहा कि जांच की जा रही है कि कितने का नुकसान हुआ है।