अटरिया थाना क्षेत्र के गढ़ीरावां गांव में शनिवार रात चोर पीछे के दरवाजे से घर में घुस गए। जिसके बाद चोरों ने वहां से 87 हजार रुपये, जेवर, बर्तन व कपड़े सहित करीब ढाई लाख का माल पार कर दिया, वहीं सदरपुर इलाके के खमरिहा गांव में रात को चोरों ने एक घर से दो हजार की नकदी सहित एक लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।
सुबह जानकारी होने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। अटरिया के गढ़ीरावां गांव निवासी हुरमत अली के घर शनिवार रात चोर पीछे के दरवाजे से घुस गए। जिसके बाद चोर घर के कमरे से दो बक्से उठा ले गए। सुबह खाली बक्से गांव के बाहर जंगल में मिले।
हुरमत ने बताया कि बक्सों में रखी 87 हजार की नकदी, जेवर, कपड़े समेत चोरों ने करीब ढाई लाख का माल चोरी कर लिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा चोर सदरपर इलाके के खमरिहा गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद के घर रात को दीवार फांद कर घुस गए और दो हजार की नकदी, जेवर, बर्तन व कपड़े समेत लगभग एक लाख रुपये का माल पार कर दिया। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।