महोली कोतवाली इलाके के दातारपुर गांव में सात डकैतों ने रिटायर्ड शिक्षक के परिवार को असलहे के बल पर बंधक बना 4.50 लाख का माल लूट गया। वारदात को अंजाम देने के बाद डकैतों ने पुलिस को सूचना देने पर जान से मार देने की धमकी दी। डकैतों के भागने के बाद परिवार ने शोर मचाया। जिसके बाद ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
महोली के दातारपुर गांव निवासी रिटायर्ड शिक्षक हीरालाल ने बताया कि बुधवार रात को वह बरामदे में सो रहा था। इसी बीच करीब सात लोग आ धमके। इन लोगों ने शराब पीने के लिए गिलास व लोटा मांगा।
रिटायर्ड शिक्षक ने बताया कि नशे में धुत होकर सभी फिर आ गए। असलहे के बल पर घर का दरवाजा खुलवा लिया और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने 85 हजार की नकदी, बहुओं के जेवर समेत करीब साढ़े चार लाख का माल बटोर लिया। लू
टपाट के बाद डकैत शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर निकल गए। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाया तो गांव के लोग पहुंचे और लोगों को बंधनमुक्त कराया। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। खबर पाकर सीओ सदर, कोतवाल धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी व फिंगर प्रिंट टीम मौके पर पहुंची और जांच की। कोतवाल का कहना है कि बदमाशों की संख्या पांच थी। महज डेढ़ लाख का माल लूट गया है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।