कुनेरा गांव में रविवार भोर अचानक हार्टवोल्टेज करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई जबकि छह लोग झुलस गए। हाईवोल्टेज के कारण कई घरों में करीब तीन लाख के बिजली के उपकरण भी फुंक गए। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। करंट के चलते गांव के लोग सहमे हुए हैं।
मिश्रिख के कुनेरा गांव में रविवार भोर अचानक हाईवोल्टेज आ गया, जिससे कई घरों में विद्युत उपकरण फुंक गए। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। लोग अपने विद्युत उपकरण बचाने की कोशिश करने लगे।
इसी बीच गांव निवासी राजू (35) पुत्र बाबूराम बिजली के उपकरण बचाने की कोशिश में करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। जब तक लोग उसे अस्पताल ले जाते, उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान गांव निवासी संजय, रमेश कुमार, अनिल कुमार, विपिन, संतोष व महेंद्र भी झुलस गए। इन लोगों को सीएचसी मिश्रिख में भर्ती कराया गया। इन सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बताते हैं कि गांव में करीब 80 कनेक्शन धारक हैं। वोल्टेज बढ़ने से घरों के विद्युत उपकरण फुंक गए। लोगों के पंखे, कूलर, बल्ब व टीवी समेत तीन लाख के विद्युत उपकरण जल गए। लोगों ने फौरन पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को सूचना दी। साथ ही तहसील प्रशासन को भी अवगत कराया गया। हादसे के बाद से गांव के लोग बेहद सहमे हुए हैं।
11 हजार लाइन की लीड टूटकर एलटी लाइन पर गिर गई थी, जिससे गांव में अचानक हाईवोल्टेज पहुंच गया। हाईवोल्टेज पहुंचने से लोगों के लाखों के बिजली उपकरण भी जल जाने की सूचना है। लोग अपने उपकरणों को बचाने की चक्कर में करंट की चपेट में आ गए। मामले की जांच कराई जा रही है। एफआईआर भी कराई जाएगी। जिसके बाद मुआवजे आदि की कार्रवाई की जाएगी।
आरबी यादव, अधिशाषी अभियंता, पावर कॉर्पोरेशन