पहाड़ों पर हो रही बर्फ बारी और तेज ठंडी हवाएं चलने से जिले में ठंड के तेवर फिर तीखे हो गए हैं। रविवार को शीतलहर और गलन ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। घने कोहरे का प्रकोप भी बढ़ गया। उधर महमूदाबाद कस्बे में बिसवां तिराहे पर ंड लगने से एक अधेड़ की मौत मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद तहसीलदार केके सिंह ने क्षेत्रीय लेखपाल श्वेता वर्मा को सीएचसी व मृतक के गांव भेजा।
मालूम हो कि एक सप्ताह बाद भी लोगों ठंड से निजात नहीं मिल सकी। रविवार को भी सुबह से दोपहर तक कोहरा छाया रहा। हाईवे पर हेडलाइट जालकर वाहन रेंगते नजर आए। दोपहर में सूरज निकला लेकिन धूप की गर्माहट बेअसर रही। धूप के बावजूद सभी ठिठुरते नजर आए। पारे में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 18 डिग्री जबकि न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रहा।
रविवार की सुबह लोग बिस्तर से निकले तो उनका सामना घने कोहरे, गलन व शीतलहर से हुआ। रविवार की छुट्टी होने की वजह से लोग अलाव व हीटर के सहारे राहत पाने की कवायद करते रहे। दोपहर तक घने कोहरे की परत छाई रही। जिससे वाहनों की रफ्तार भी थम गई। वाहन हेडलाइट जलाकर सड़कों पर रेंगते रहे।
पहाड़ों से चलकर आने वाली तेज बर्फीली हवा लोगों को दिन भर कंपाती रही। कमजोर धूप ठंड से राहत नहीं पहुंचा सकी। दिन में 12 किमी. प्रति घंटे की स्पीड से चलने वाली बर्फीली हवा लोगों को परेशान करती रहीं। सोमवार को पारे में गिरावट के साथ ठंड बढने की संभावना है।
उधर महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में रविवार की सुबह ठंड से एक अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। क्षेत्र के सिकटिहा पचदेउरा चौबे निवासी केशवराम (50) रविवार सुबह महमूदाबाद कस्बे के बिसवां तिराहे पर स्थित अपनी लोहे की दुकान पर आया था। इसी बीच वह ठंड की चपेट में आ गया। ठंड की वजह से वह पास ही एक होटल के सामने गिर गया।
अन्य दुकानदार तत्काल उसे कस्बे की सीएचसी भागे। रास्ते में केशवराम ने दम तोड़ दिया। सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर अनवर के मुताबिक केशवराम को मृत अवस्था में सीएचसी लाया गया था। दुकानदारों का कहना था कि केशवराम की मौत, ठंड लगने की वजह से हुई है। केशवराम के पुत्र रामकुमार ने पुलिस व प्रशासन को सूचना दी, जिसमें केशवराम की मौत ठंड से होने की बात कही।
सूचना मिलने के बाद तहसीलदार केके सिंह ने क्षेत्रीय लेखपाल श्वेता वर्मा को सीएचसी व मृतक के गांव भेजा। प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत बीमारी से होना प्रतीत होती है। हलांकि कस्बे के नागरिक प्रशासन की इस दलील को गलत मान रहे हैं।