शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आकर एक वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वृद्धा की पहचान नहीं हो सकी है।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक बता जा रही है। वृद्धा को अस्पताल पहुंचाने के लिए रेल पुलिस व कोतवाली पुलिस काफी देर तक सीमा विवाद में उलझी रही। हालत बिगड़ने पर एक युवक ने घायल वृद्धा को अस्पताल पहुंचाया।
शहर कोतवाली क्षेत्र में कैंट रेलवे स्टेशन के निकट मालगाड़ी गुजर रही थी। उसी दौरान एक वृद्धा (65) ट्रेन की चपेट में आ गई। जिसकी वजह से वह गंभीर रूप से घायल होकर रेल पटरी के किनारे गिर गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस, जीआरपी व आरपीएफ मौके पर पहुंची।
इसके बाद पुलिस वाले सीमा विवाद को लेकर उलझ गए। तकरार में काफी समय गुजर गया। इस दौरान वृद्धा की हालत बिगड़ने लगी। इसी बीच तरीनपुर निवासी अमन मिश्रा वहां पहुंचा, जिसने पुलिस कर्मियों का विवाद देख 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस बुला ली और खुद ही उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वृद्धा के दोनों पैर बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।