विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन अधिसूचना जारी होते ही तहसील में गहमागहमी दिखी। हालांकि नामांकन के पहले दिन सिर्फ भाजपा के बागी अजीत मेहरोत्रा ने ही बिसवां सीट से परचा भरा।
यहां से भाजपा ने महेंद्र यादव को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर रखा है। उधर, सभी विधानसभा क्षेत्रों के 48 प्रत्याशियों ने कई सेटों में नामांकन पत्र खरीदे। सीतापुर जनपद में तीसरे चरण में 19 फरवरी को मतदान होगा। ऐसे में मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। मंगलवार को पहले डीएम अमृत त्रिपाठी ने जिले की नामांकन अधिसूचना जारी की। बाद में यहां की सभी नौ विधानसभा सीटों के लिए संबंधित आरओ-एआरओ ने नामांकन अधिसूचना निर्गत की।
अनुमान था कि पहले दिन को कोई परचा दाखिल नहीं होगा। दोपहर में पूर्व विधायक अजीत मेहरोत्रा अपने प्रस्तावक व समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे और अपना परचा दाखिल किया। उधर, डीएम-एसपी भी तहसील परिसर समेत न्यायालय कक्षों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए।
.