पिसावां थाना क्षेत्र के महमदापुर गांव में बुधवार सुबह संदिग्ध हालात में एक युवक का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक के परिवारीजन ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाते हुए गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पिसावां इलाके के महमदापुर गांव निवासी अखिलेश कुमार (20) पुत्र मायाराम मंगलवार रात को घर में खाना खाने के बाद गांव में ही बने अपने दूसरे मकान में सोने चला गया था। बुधवार सुबह परिवारीजन जब दूसरे मकान में गए तो वहां अखिलेश का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घरवालों का कहना है कि अखिलेश के गले में उसी का मफलर कसा था और उसके पैर जमीन पर टिके थे।
परिवारीजनों ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से उनकी रंजिश चल रही है। जिसके चलते उन लोगों ने अखिलेश को जान से मारने की धमकी दी थी। घरवालों का कहना है कि उन लोगों ने ही अखिलेश को मारकर फंदे पर लटकाया है। मामले में पांच लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। हालांकि पुलिस ने अभी में हत्या का केस दर्ज नहीं किया है।
एसओ एके सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।