अवैध संबंधों के शक में एक युवक ने पत्नी पर किरोसिन डालकर आग लगा दी। पत्नी को जलता छोड़ पति भाग निकला। महिला चिल्लाते हुए घर के बाहर भागी। आननफानन में आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझा महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां एसपी ने पहुंचकर जांच की।
मजिस्ट्रेट ने बयान लिया। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। गांव के चौकीदार ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस महिला के पति की तलाश में जुटी है। तालगांव इलाके के अमौरा मजरा मोतीपुर गांव निवासी किरन (35) का रविवार रात किसी बात को लेकर पति मुन्नालाल से विवाद हुआ।
बाद में शराब के नशे में धुत किरन के पति ने उस पर किरोसिन उड़ेल दिया और आग लगा दी। पत्नी को आग लगाने के बाद आरोपी भाग निकला। बताते हैं कि पति ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी को जलाकर मार डालने की कोशिश की। आग लगने के बाद किरन जलने लगी। जान बचाने की गुहार लगाते हुए वह घर के बाहर भागी।
गांव के लोग मौके पर पहुंचे। फौरन आग बुझाकर एंबुलेंस बुलाई गई। महिला को पहले स्थानीय सरकारी अस्पताल फिर जिला अस्पताल लाया गया। यहां खबर पाकर एसपी ने मौके पर पहुंच कर जांच की। मजिस्ट्रेट ने महिला का बयान दर्ज किया। इसके बाद गंभीर हालत में चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
उसकी हालत गंभीर है। पूछताछ में महिला ने पति पर जला देने का आरोप लगाया है। बयान में उसने घटना के कारणों के बारे में नहीं बताया। मामले में गांव के चौकीदार बालक राम की तहरीर पर आरोपी मुन्नालाल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा।