लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण एक मकान में आग लग गई। इससे घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि इस दौरान खाना बना रही एक महिला बाल-बाल बच गई। सिलेंडर रविवार को ही एजेंसी से घर आया था।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आंबा निवासी शिवशंकर भदभर गैस एजेंसी से रविवार को सिलेंडर लेकर घर पहुंचा था। यहां पर छप्पर के नीचे सिलेंडर व गैस चूल्हा रखा गया। शिवशंकर की पत्नी खाना बनाने की तैयारी करने लगी। बताते हैं कि इस दौरान सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था।
जैसे ही महिला ने माचिस की तीली जलाई, छप्पर में आग भड़क उठी। यह देख परिवार के सभी सदस्य जान बचाकर घर से बाहर भागे। इससे पहले कि परिवार कुछ समझ पाता, गैस से भड़की आग ने छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया लेकिन तब तक छप्पर व घर में रखे रुपये, कपडे़, बर्तन, अनाज आदि सामान जलकर राख हो चुका था। शिव शंकर का कहना है कि आग गैस रिसाव की वजह से ही भड़की है। करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।