चुनाव आयोग के फरमान पर पुलिस प्रशासन ने रविवार को अभियान चलाकर सिधौली विधायक मनीष रावत समेत चार लोगों पर आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया है।
अभियान में टीम ने विधायक मनीष रावत के वाहन से भारी मात्रा में प्रचार सामग्री बरामद की है। जबकि शेष अन्य लोगों के यहां विभिन्न राजनीतिक दलों के झंडा व बैनर लगे पाए गए। इस पर इनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है। उधर, पुलिस टीम ने समूचे जनपद में 144 लीटर शराब भी पकड़ी।
असेंबली चुनाव में आचार संहिता का अनुपालन कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीमों ने अभियान चला रखा है। रविवार को सिधौली पुलिस ने सिधौली विधानसभा क्षेत्र में हाईवे पर समाजवादी पार्टी के विधायक मनीष रावत का वाहन पकड़ा।
वाहन में सपा प्रत्याशी की भारी संख्या में प्रचार सामग्री बरामद की। पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है। साथ ही विधायक के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज कराया गया है।
इसके अलावा लहरपुर पुलिस ने लहरपुर, रमुआपुर व कटरा में तीन लोगों के घरों पर लगे राजनीतिक दलों के झंडे व बैनर पकड़े। इस पर इनके खिलाफ आचार संहिता का मुकदमा दर्ज कराया।
इसके अलावा पुलिस ने अभियान चलाकर समूूचे जनपद में छह लोगों के पास से 144 लीटर शराब भी पकड़ी है। जिस कारण इनके खिलाफ भी केस दर्ज करने की कार्रवाई की गई। नोडल ऑफिसर/प्रोजेक्ट मैनेजर यूपीपीसीएल बलजीत सिंह ने बताया कि लहरपुर और सिधौली इलाके में 10 लोगों पर आचार संहिता का केस दर्ज किया गया है।