युवक के शव के चीथड़े कई दिनों से नाले में पड़े हैं। चील, कौए व कुत्ते उसे निवाला बना रहे हैं लेकिन संवेदनाओं को दरकिनार कर लोग नजर फेर लेते हैं। सड़ांध फैलने से यहां हलचल बढ़ी तो पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन शव कब्जे में लेेेने की बजाय अपना गिरहबान बचाती रही। मामला रहिमाबाद पुल के करीब नरही चकरोड नाले का है।
थाना क्षेत्र में रहिमाबाद पुल के करीब नरही चकरोड नाले में एक युवक का शव पड़ा है। नागरिकों का कहना है कि यह शव कई दिनों से यहां पड़ा है, जिसको चील, कौए, कुत्ते व सियार अपना निवाला बना रहे हैं।
लोग उधर से गुजरे लेकिन नजरें फेर लीं। सड़ांध फैली तो कुछ ने थाने में सूचना दी। पुलिस कर्मी भी आए, लेकिन शव को कब्जे में लिए बगैर ही चले गए। लोगों के मुताबिक युवक की उम्र 21 वर्ष के आसपास है। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। वह कौन है, कहां का निवासी है, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। यह सब रहस्य बना हुआ है। पुलिस भी अपनी जान बचाने में जुटी है।