संदना थाना क्षेत्र में रविवार को बाइक सवार दो बदमाश ज्वैलर्स की दुकान से सोने-चांदी के जेवरों से भरे बैग को उठा ले गए। ज्वैलर्स के मुताबिक बदमाश करीब पांच लाख रुपये कीमत का माल उठा ले गए। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मिश्रिख के मोहल्ला रन्नूपुर निवासी शैलेंद्र कुमार की संदना थाने के निकट आभूषणों की दुकान है। रविवार को शैलेंद्र घर से दुकान पर पहुंचा और आभूषणों के थैले को दुकान के काउंटर पर रखकर साफ सफाई करने लगा। इस दौरान दुकान के पास बाइक सवार दो बदमाश पहले से खड़े थे।
साफ-सफाई के दौरान शैलेंद्र निकट लगे हैंडपंप पर पानी लेने चला गया, इसी बीच बदमाशों ने दुकान में रखा थैला उठाया और बाइक से निकल भागे। शैलेंद्र बदमाशों को देखते ही शोर मचाता रह गया और बदमाशों आंखों के सामने से ओझल हो गए।
दुकान स्वामी ने बताया कि बदमाश करीब चार लाख 90 हजार रुपये कीमत का माल उठा ले गए हैं। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश किया जाएगा।