ग्राम परसेहरा खुर्द में कोटे का चुनाव हंगामेदार रहा। गहमागहमी के बीच वोटिंग हुई, हंगामे के बीच चुनाव परिणाम घोषित किया गया। हारे प्रत्याशी ने जहां जीते प्रत्याशी पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाया। वहीं चुनाव कराने वाली टीम पर भी धांधली का आरोप लगाया है।
परसेहराखुर्द में कोटे के चुनाव के लिए गांव की मीना देवी व रामलली मैदान में थीं। बुधवार को कोटे का चुनाव कराया गया। चुनाव प्रभारी पंचायत सेक्रेटरी सुशील यादव की देखरेख में वोट डालने का काम शुरू हुआ। इस दौरान फर्जी मतदान की बात को लेकर कई बार हंगामा हो गया।
इसी बीच ग्रामीणों ने कोटे के लिए अपने मत का प्रयोग किया। मतदान के बाद चुनाव प्रभारी ने बताया कि मीना देवी को कुल 206 मत व रामलली को 196 मत मिले हैं। जिसकी वजह से मीना देवी अपने प्रतिद्वंद्वी रामलली से कुल 10 मतों से जीती हैं। यह सुनते ही रामलली के पक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया।
हारे पक्ष का कहना था कि चुनाव प्रभारी सुशील यादव, सुरक्षा में लगे उपनिरीक्षक वेदराम यादव व प्रधान शांति देवी ने मतदान में धांधली की है। जिसकी वजह से मीना देवी जीती हैं। मीना देवी के रिश्तेदारों ने इस चुनाव में मतदान किया, तमाम विरोध के बावजूद भी चुनाव करा रही टीम ने फर्जी मतदान करने आए लोगों को नहीं रोका। चुनाव प्रभारी सुशील यादव निष्पक्ष चुनाव कराने की बात कह रहे हैं।