कमलापुर थाना क्षेत्र में बड़ी बहन की शादी के मौके पर स्टेज पर खड़ी एक बालिका को करंट लग गया। उसे कमलापुर सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया है। हालांकि उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
बताते हैं कि कमलापुर इलाके के रेउरी गांव निवासी योगेश्वरी पुत्री गोपाल नारायन की बारात शहर कोतवाली क्षेत्र के ओबरी गांव से आई थी। बारात के दौरान दूल्हा व दुल्हन सहित परिवार के लोग स्टेज पर थे।
इसी दौरान दुल्हन योगेश्वरी की बहन कुंती (15) भी स्टेज पर खड़ी थी। इसी बीच वह सजावट के लिए दौड़ाई गई विद्युत लाइन की चपेट में आ गई। जिससे कुंती बुरी तरह झुलस गई। उसे उपचार के लिए कमलापुर सीएचसी ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। चिकित्सकों के मुताबिक बालिका की हालत खतरे से बाहर है।