रामकोट और सदरपुर थाना क्षेत्र में हुई घटनाएं
सीतापुर। जिले में दो सड़क हादसों में एक मासूम बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग जख्मी हो गए। घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया। रामकोट। थाना क्षेत्र में रायपुर गांव के निकट गुरुवार को एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
जिससे बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक जख्मी हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत भाग निकला। मरने वाले की पहचान पंजाब के पटियाला क्षेत्र के उल्लापुर झुलका निवासी नायब सिंह (40) पुत्र तरसेन सिंह के रूप में की गई है।
वह हैंडपंप की बोरिंग का काम करता था। बोरिंग बनाने के लिए वह रामकोट के टेड़वा गया था। वहां से बोरिंग का सामान लेने टेड़वा के ही बबलू व पंजाब निवासी अपने साथी अनीश के साथ बाइक से जिला मुख्यालय जा रहा था। तभी हादसे का शिकार हो गया।
उधर, सदरपुर थाना क्षेत्र के शुरखूपुरवा निवासी रमजान अपनी पांच साल की बेटी फरजाना के साथ ससुराल ग्राम चकला थाना थानगांव से बाइक पर सवार होकर गुरुवार को वापस जा रहा था। जब वह क्षेत्र के बकहुआ बाजार के पश्चिम पहुंचा तो अपनी पुत्री को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और लघुशंका करने चला गया।
इसी बीच सामने से जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक बच्ची को रौंदते हुए निकल गया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही जान चली गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने ट्रक को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्रवाई शुरू की है।
वाहन की टक्कर से शिक्षक जख्मी
रेउसा। हरदोई थाना क्षेत्र के शाहाबाद के मोहल्ला प्रगति नगर निवासी अनुज पांडे बहराइच जिले के कवलपुर प्राथमिक स्कूल में शिक्षक हैं। गुरुवार को वह बाइक से अपने घर जा रहे थे। बिसवां रोड पर रेउसा कस्बे में अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनको सीएचसी ले जाया गया था।