परिवारीजन मृतक को बता रहे मानसिक विक्षिप्त
लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में चार दिन पूर्व घर से लापता हुुए एक युवक का शव गुरुवार को कुएं से बरामद हुआ है। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवारीजन युवक की दिमागी हालत ठीक न होने की बात कह रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांचकर कार्रवाई होगी।
लहरपुर इलाके के ग्राम महमूदपुर निवासी डल्ला (31) पुत्र बिंद्रा 9 मार्च को घर से रहस्यमय हालात में लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। पुलिस जांच में जुटी थी, इस बीच गुरुवार को युवक का शव गांव में ही कुएं से बरामद हुआ।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर परिवारीजनों का कहना है कि युवक की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। परिवार ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। इंस्पेक्टर चैंपियन लाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।