सीतापुर। महोली कोतवाली क्षेत्र में रविवार को अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में बाइक ने सड़क के किनारे खड़े बालक को टक्कर मार दी। जिससे बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया है।
रामकोट थाना क्षेत्र के गोरा निवासी नीरज (38)शनिवार को बाइक से महोली क्षेत्र की एक रिश्तेदारी में गया था। रविवार को वह बाइक से वापस अपने घर जा रहा था। रास्ते में महोली कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय नागरिकों ने घायल को महोली सीएचसी में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने नीरज की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तंबौर थाना क्षेत्र के बरेती निवासी रमाशंकर का पुत्र जितेंद्र (9) अपने पिता रमा शंकर के साथ लहरपुर कोतवाली क्षेत्र की लालपुर बाजार आया था।
यहां पर बालक सड़क के किनारे खड़ा था। इसी बीच तंबौर लहरपुर मार्ग पर गुजर रही एक बाइक ने बालक को टक्कर मार दी। इससे बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।