सरैंया (सीतापुर)। थाना तालगांव इलाके का एक बुजुर्ग जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया। जहरखुरानों ने बुजुर्ग को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया और उसके पास से नकदी सहित हजारों का माल पार कर दिया। सरैया स्टेशन पर बेहोशी की हालत में बुजुर्ग के पड़े होने की खबर पाकर परिवारीजन घर ले गए।
तालगांव थाना क्षेत्र के शाहजीपुरवा निवासी जलालुद्दीन (60) गोण्डा के तुलसीपुर क्षेत्र में रहकर कपड़े बेचने का काम करता हैै। गुरुवार को तुलसीपुर से अपने भतीजे की शादी के लिए कपड़े व रुपये लेकर गांव के लिए निकला था। गोण्डा स्टेशन से वो सीतापुर जाने वाली ट्रेन में सवार हुआ।
बताते हैं कि उसी कोच में सवार हुए कुछ लोगों ने चाय मंगवाई और एक चाय जलालुद्दीन को भी पिला दी। जिससे जलालुद्दीन बेहोश हो गया। इसके बाद उसके पास से 40 हजार की नकदी और 30 हजार रुपये कीमत का कपड़ा और मोबाइल पार कर दिया। बुजुर्ग को बेहोशी की हालत में सरैंया स्टेशन प्लेटफार्म पर छोड़ दिया।
रात हो जाने पर स्टेशन परिसर के दुकानदार रामखेलावन गुप्ता व रसूलपुर निवासी चन्दीलाल ने उसे उठाकर मुसाफिर खाने के बरामदे में लिटाकर हालचाल जानने का प्रयास किया। मगर पूरी तरह होश में न होने के कारण सही जानकारी नहीं हो पाई। शुक्रवार की सुबह सूचना पाकर परिवारीजन सरैंया पहुंचे और अपने साथ घर ले गए।