दुकान में उतरा करंट, दुकानदार की मौत
लोहे के खोखे में खोले था दुकान
हरगांव(सीतापुर)। थाना क्षेत्र में लोहे के खोखे में करंट उतरने से परचून की दुकान चला रहे व्यापारी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दुकान में रखी फ्रिज के कारण खोखे में करंट उतरा था। थाना क्षेत्र के ग्राम बरोसा निवासी तजम्मुल (20) ने गांव में ही लोहे के खोखे में परचून की दुकान खोल रखी थी। इसी दुकान में फ्रिज रखकर वह कोल्ड ड्रिंक भी बेचा करता था। मंगलवार दोपहर अचानक दुकान में करंट उतर आया। दुकान लोहे की थी, जिसकी वजह से पूरी दुकान में करंट उतर आया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता तजम्मुल चिपक कर रह गया। कुछ देर बाद गांव के लोगों ने केबल काटकर खंभे से अलग किया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार के लोगों का कहना है कि फ्रिज से करंट दुकान में उतरा है।