लपटों में झुलसकर किशोरी की मौत
रेउसा। थाना क्षेत्र में बुधवार को संदिग्ध हालात में आग की चपेट में आकर एक किशोरी की मौत हो गई। परिवार के सदस्यों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव की अंत्येष्टि कर दी है। परिवार के लोगों का कहना है कि किशोरी की दिमागी हालत ठीक नहीं थी।
ग्राम रसूलपुर निवासी उमेश पोरवाल की मौत के बाद उसकी पुत्री सोनी देवी (17) अपने मौसा रेउसा के नई बस्ती निवासी रमेश पोरवाल के घर रहती थी।
बुधवार को परिवार के सदस्य अपने काम में व्यस्त थे। जबकि सोनी कमरे में मौजूद थी। इसी बीच संदिग्ध हालात में वह आग की चपेट में आ गई।
चीख सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सोनी बुरी तरह से झुलस चुकी थी।
परिवार के सदस्य उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि इसी बीच उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रमेश पोरवाल का पौत्र मन्ना (4) भी आग की चपेट में आकर मामूली रूप से झुलस गया है।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि सोनी की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। हालांकि उनका कहना है कि वे यह नहीं जान सके, कि सोनी किस तरह से आग की चपेट में आ गई।