वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
सीतापुर। संदना में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार देर रात सिधौली मिश्रिख मार्ग पर हुआ।
परिवार को उसका शव सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
संदना के ग्राम आलमपुर निवासी पुत्तीलाल (42) शुक्रवार को बाइक से किसी काम से सिधौली गया था। काम निपटाने के बाद वह देर रात घर के लिए चल दिया।
सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर मंगलम चौराहे के निकट किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे पुत्तीलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। उधर, देर रात तक जब पुत्तीलाल घर नहीं पहुुंचा। तो परिवारीजन उसे तलाशने निकल पड़े।
इसी बीच मंगलम चौराहे के निकट सड़क किनारे उसका शव पड़ा मिला। करीब ही उसकी बाइक भी पड़ी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।