तंबौर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो बाइकों की टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। उसने लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा है। हादसे में मृतक की पत्नी व दूसरी बाइक चला रहा युवक घायल हुआ है।
रेउसा के ग्राम पहलवान सिंह का पुरवा निवासी नेकराम (28) मंगलवार को पत्नी जयदेवी (23) के साथ बाइक से कस्बा रेउसा जा रहा था। रास्ते में तंबौर-रेउसा मार्ग पर ग्राम कम्हरिया कठूरा के निकट सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इससे नेकराम व उसकी पत्नी तथा दूसरी बाइक पर सवार थानगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा निवासी अनिल कुमार (32) घायल हो गया।
स्थानीय नागरिकों ने तीनों घायलों को कस्बे की सीएचसी में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने नेकराम की हालत चिंताजनक बताते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन परिवारीजन उसे जिला अस्पताल ले जाने के बजाय लखनऊ लेकर चल दिए। लखनऊ जाते समय नेकराम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।