सीतापुर। पिसावां थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम एक बाइक अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गई। जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक लखीमपुर खीरी जिले का निवासी बताया जा रहा है।
लखीमपुर खीरी हैदराबाद थाना क्षेत्र के बगचन निवासी सुधीर कुमार (22) की पत्नी अंजलि का ननिहाल हरदोई जिले के हरियावां थाना क्षेत्र के कटघरा में है। सुधीर अपनी पत्नी के ननिहाल गया था। बुधवार की शाम वह बाइक से वापस अपने घर के लिए चल दिया।
रास्ते में पिसावां-नेरी मार्ग पर पिसावां थाना क्षेत्र के आंबा मऊ मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गई। इससे सुधीर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस घायल को लेकर जिला अस्पताल भागी लेकिन रास्ते में घायल ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कब्जेदारी को लेकर चले लाठी-डंडे, 10 जख्मी
रेउसा (सीतापुर)। जमीन की कब्जेदारी को लेकर अलग-अलग दो वारदातों में दो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। मारपीट की घटनाओं में 10 लोग घायल हो गए। ये घटनाएं रेउसा व थानगांव थाना इलाके में हुई। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर कार्रवाई की गई।
रेउसा थाना इलाके के अकसोहा निवासी कृष्ण विहारी अवस्थी का गांव के ही शांती भुर्जी से काफी दिनों से जमीन का विवाद चल रहा था। बुधवार को जमीन को कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। जिससे चार लोग जख्मी हो गए।
उधर, थाना थानगांव के कवटलिया मजरा नसीरपुर देवरिया निवासी जीवनलाल का गांव के मनीराम से जमीन विवाद था। कब्जेदारी को लेकर सुबह दोनों पक्षों में लाठी-डंडों में चल गए। मारपीट में एक पक्ष सुरेश, जीवनलाल घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के विनोद, मनीराम, सूबेदार, प्रमोद, दुर्योधन आदि घायल हो गए।