सीतापुर। महोली कोतवाली क्षेत्र में तैनात यूपी-100 के दो सिपाहियों को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पर घूस लेकर आरोपियों को छोड़ने का आरोप है। मालूम हो कि बीते 28 फरवरी को महोली इलाके की यूपी-100 पुलिस की गाड़ी 1785 को सूचना मिली कि, इलाके के कचूरा गांव में शराब बन रही है।
इसके बाद यूपी-100 के एचसीपी मलखान सिंह, सिपाही समीर सिंह ने गांव के बाहर बने प्राथमिक विद्यालय के पास छापेमारी की, जहां पर शराब बना रहे रूपा सिंह को पकड़ा। शराब कारोबारी को पकड़ने के बाद मौके पर इलाके के प्रधान से लेकर अन्य लोग आ गए और शराब कारोबारी को छोड़ने के एवज में पुलिस से सात हजार रुपए की डीलिंग हुई।
पांच हजार मौके पर और दो हजार बाद में देने की बात पर पुलिस मान गई और आरोपी को मौके पर ही अभयदान देकर घूस के 5 हजार रूपए लेकर चली गई। वहीं, 2 हजार रुपये न मिलने को लेकर एचसीपी और सिपाही की ओर से आए दिन डिमांड की जा रही थी और पैसे न देने पर जेल भेजने की धमकी भी दी जा रही थी।
करीब एक माह बीतने के बाद पैसे की डिमांड का सिललिसा न थमने पर रूपा सिंह बुधवार को एसपी आनंद कुलकर्णी के सामने पेश हुआ और पूरी कहानी बताई। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए महोली पुलिस को मौके पर भेजकर जांच कराई।
जांच में मामला सही मिला। विवेचक की रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने एचसीपी मलखान सिंह, सिपाही समीर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। एसपी ने बताया कि, आरोपी को छोड़ने के मामले में यूपी-100 के एचसीपी, सिपाही को निलंबित किया गया है।