नहर कटी, 100 बीघा फसल डूबी
15 दिनों में दूसरी बार कटी
लहरपुर (सीतापुर)। नहर कटने से बुधवार को करीब 100 बीघा फसल डूब गई है। करीब 15 दिन पहले ही यहां नहर कटने से कई किसानों को नुकसान हो गया था।
28 जुलाई को बरगदहा पुल के सामने नहर पटरी कटने से आस-पड़ोस के खेतों की सैकड़ों बीघा फसल पानी में डूब गई थी। नहर विभाग ने इस जगह नहर पटरी पर मिट्टी डालकर पानी का बहाव रोक दिया था। किसानों का आरोप है, कि सही ढंग से मरम्मत न करने से बुधवार को फिर से उसी जगह पर नहर कट गई। सुरेश, सत्तार, मैकू, रामजीवन, रामप्रसाद ने बताया कि नहर की सफाई ठीक ढंग से न कराए जाने से बार-बार पानी के दबाव से पटरी कट जाती है। इस बार पटरी कटने से करीब 100 बीघा फसल जलमग्न हो गई है। नहर विभाग के अवर अभियंता नारायण सिंह ने बताया कि नहर पटरी कटने की जानकारी नहीं है। किसान अक्सर खेतों की सिंचाई के लिए नहर को काट देते हैं।