बगैर लाइसेंस बना रहे थे बर्फ
फूड विभाग ने गुप्ता व रम्पा आइस फैक्ट्री में बर्फ निर्माण पर रोक लगाकर जारी की नोटिस
सीतापुर। शहर में बिना लाइसेंस संचालित हो रही दो आइस फैक्ट्रियों को खाद्य सुरक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है। फूड विभाग ने नोटिस जारी कर फैक्ट्री संचालकों से तीन दिन में जवाब मांगा है। पूछा कि फैक्ट्री क्यों न बंद करा दी जाए। अभी तक लाइसेंस न बनवाने के संबंध में भी जवाब तलब किया है। शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के इंस्पेक्टर विनय कुमार सहाय के नेतृत्व में प्रमोद वर्मा, तृप्ति गुप्ता, अजय सिंह व रवींद्र वर्मा की टीम ने शहर में चल रही आइस फैक्ट्रियों पर छापा मार कर बिजवार में संचालित गुप्ता आइस फैक्टरी में कोल्ड स्टोरेज भी चलता मिला। यहां संचालक सत्य प्रकाश गुप्ता आइस निर्माण का लाइसेंस नहीं दिखा सके। सफाई का भी ख्याल नहीं रखा जा रहा था। बस स्टैंड के सामने चल रही रम्पा आइस फैक्ट्री में भी बिना लाइसेंस के बर्फ बनाई जा रही थी। फूड इंस्पेक्टर विनय कुमार सहाय के बताया कि दोनों फैक्ट्रियों में आइस निर्माण पर रोक लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तीन दिनों में जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जा सकती है।