दलित बस्ती पर धावा बोला, हमले में 12 जख्मी
बिसवां (सीतापुर)। मानपुर थाना इलाके में नकारा गांव की दलित बस्ती पर धावा बोलकर हमलावरों ने जमकर उत्पात मचाया। हमले से एक दर्जन दलित बुरी तरह जख्मी हैं।
पीड़ितों ने चुनावी रंजिश की वजह से ग्रामप्रधान पर हमले का आरोप लगाया है। घायलों को सीएचसी बिसवां में भर्ती कराया गया है।
मानपुर थाना क्षेत्र के नकारा गांव में रहने वाले नरेंद्र, मोतीलाल, पवन आदि ने बताया कि ग्रामप्रधान राम किशोर ने अपने आधा दर्जन साथियों के साथ शुक्रवार को उनकी बस्ती पर हमला कर दिया।
सभी को लाठी डंडों से बुरी तरह पीटा। इससे पहले दिवाली की रात भी प्रधान ने धमकी दी थी। जिसकी सूचना मानपुर पुलिस को देने के बाद भी कोई कार्रवाई नही की गई थी।
इससे उत्साहित होकर प्रधान व उसके समर्थकों ने अगले दिन हमला कर दिया। हमले में नरेंद्र, मोतीलाल, पवन, चंद्र भाल, राम नरेश व नंद किशोर सहित कई महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
बिसवां सीएचसी में भर्ती घायलों के मुताबिक प्रधान राम किशोर उन लोगों से चुनावी रंजिश मानता है। इसी की वजह से हमला किया गया है। मानपुर पुलिस जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।