सीतापुर। कोतवाली पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर रसूखदार भट्ठा मालिक के विरुद्ध लूट व धमकी देने का केस दर्ज किया है। पुलिस जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।
लखनऊ के एल्डिको ग्रीन्स गोमतीनगर में रहने वाली दीक्षा सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर सीतापुर के मोहल्ला बट्सगंज निवासी मुजीब अहमद पर कई गंभीर आरोप लगाए। महिला के मुताबिक उसका ट्रैक्टर मुजीब के ईंट भट्ठे पर चलता था।
कुछ समय बाद वह अपना ट्रैक्टर वापस लेने आई तो मुजीब ने दबंगई दिखाते हुए ट्रैक्टर देने से मना कर दिया। आरोप है कि महिला को धमकाया भी गया। शहर कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि आरोपी मुजीब अहमद के विरुद्ध लूट व धमकी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।