रेउसा थाना क्षेत्र की घटना
रेउसा (सीतापुर)। इलाके में बुधवार को करंट की चपेट में आने से सात बंदरों की मौत के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, मृत बंदरों के शव वन विभाग ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र रेउसा के मारूबेहड़ निवासी मूले के खेत के चारों ओर तार लगे हैं। गत बुधवार को इन तारों में करंट उतर आया। बताते हैं कि पोल से रामू ने तक अपनी दुकान तक बिजली ले जाने के लिए केबल डाला है। केबल शार्ट होने से तारों में करंट उतरा था। इसी करंट की चपेट में आकर सात बंदरों की जान चली गई।
‘अमर उजाला’ में इस घटना की खबर छपने के बाद हरकत में आए वन विभाग ने बंदरों के शव गुरुवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजे। थाना प्रभारी राजकुमार सरोज ने बताया कि मूले व रामू के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।