सीतापुर। एक बार फिर से जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। स्वास्थ्य महकमा मरीजों के इलाज का दावा तो कर रहा है लेकिन तैयारियां आधी-अधूरी हैं।
जिले में इस समय कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। तीन दिनों से मिल रहे मरीजों के चलते इस समय सक्रिय मरीजों की संख्या 10 हो गई है जबकि कोविड से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से की जा रही तैयारियां सिर्फ कागजों में ही चल रही हैं। जिला अस्पताल में कोविड मरीजों के लिए एल-टू बनाया गया है।
इस बार एल-टू को हड्डी वार्ड में नहीं बनाया गया है। इसकी जगह पर जिला अस्पताल के पीछे प्राइवेट वार्ड को कोरोना मरीजों के लिए रिजर्व किया गया है। इस वार्ड में संसाधनों का अभाव बना हुआ है।
सीएमओ डॉ. मधु गौरेला ने बताया कि जिले में इस समय 10 सक्रिय केस हैं। हालांकि इन सभी की हालत सामान्य है। किसी को कोई खास दिक्कत नहीं हो रही है। जिला अस्पताल व सभी सीएचसी को अलर्ट कर दिया गया है।