रामकोट (सीतापुर)। हरदोई-सीतापुर मार्ग पर भंडारण निगम के गोदाम के पास हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक कंटेनर में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया। हादसे में चालक बच गया, लेकिन लाखों रुपयों का माल राख हो गया।
बुलंदशहर निवासी चालक मोहम्मद अयूब ट्रक लेकर सीतापुर आ रहा था। अयूब ने बताया कि वह मुंबई से यह माल लेकर सीतापुर आ रहा था। रात करीब दो बजे रामकोट कस्बे से पहले आराम करने के लिए उसने ट्रक (कंटेनर) भंडारण निगम के गोदाम के पास खड़ा कर दिया। इसके बाद वह सो गया। देर रात 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से गाड़ी में करंट उतरने लगा।
इसी दौरान धीरे-धीरे कंटेनर ने आग पकड़ ली। चालक ने बताया कि तेज झटका लगने पर उसकी आंख खुली तो किसी कंटेनर के बाहर निकल सका। हादसे में कंटेनर में रखा लाखों का सामान जल गया। मामले की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
कंटेनर में था मिल्टन कंपनी का माल
कंटेनर में मिल्टन कंपनी के कुकिंग वेयर, टिफिन, नॉन स्टिक पैन संग बड़ी संख्या में सामान रखा था। सामान मुंबई से सीतापुर आया था। हालांकि डिलीवरी से पहले ही कंटेनर में आग लग गई, जिससे सारा सामान जल गया। अयूब से पुलिस जानकारी कर रही है। अग्निशमन विभाग भी नुकसान का आकलन कर रहा है।