महमूदाबाद (सीतापुर)। सिधौली-महमूदाबाद रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कर दिया गया है। राज्य सेतु निगम ने सोमवार को ओवर ब्रिज बनाने के लिए सफाई के अलावा जेसीबी से सड़क की खुदाई करके सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया है। ओवरब्रिज बनने से लगभग पांच लाख की आबादी को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
दरअसल, नगर में सिधौली रेलवे क्राॅसिंग पर जाम की समस्या वर्षों पुरानी है। चीनी मिल में पेराई सत्र चलने पर जाम की समस्या विकराल हो जाती है। यहां के लोग रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज बनाए जाने की मांग दशकों से कर रहे हैं। भाजपा विधायक आशा मौर्या के प्रयास से योगी सरकार ने महमूदाबाद के सिधौली मार्ग पर 5901.43 लाख रुपये की लागत से ओवर ब्रिज बनाने की मंजूरी दी थी। बजट की पहली किस्त भी जारी कर दी गई थी। सोमवार से उप्र राज्य सेतु निगम ने ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कर दिया है।