सीतापुर। मौसम का मिजाज शुक्रवार को एकाएक बदल गया। आसमान में बादलों की आवाजाही व छाई धुंध के साथ चली हवाओं ने मौसम को सर्द कर दिया। जिले के कई इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। न्यूनतम पारा लुढ़ककर 8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
इससे लोगों को ठिठुरन का अहसास हुआ। हांलाकि दोपहर बाद धूप निकलने से कुछ राहत मिली। फिलहाल मौसम में किसी खास बदलाव के आसार नहीं हैं। गुरुवार को चटख धूप खिलने से मौसम सामान्य होने के संकेत दिए थे।
लेकिन देर रात मौसम में अचानक बदलाव आ गया। शुक्रवार सुबह जिसकी भी नींद खुली उसने बदली व तेज सर्द हवाओं का सामना किया। कमलापुर व सिधौली समेत जिले के कई इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। सर्दी बढ़ने से लोग ठिठुरते नजर आए।
मौसम के तेवर देख अधिकतर लोगों ने सुबह घर से निकलने में परहेज किया। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद धूप खिलने से काफी राहत मिली। लेकिन 10 किमी. प्रति घंटे की गति से चली सर्द हवाओं ने दिन भर सिहरन का अहसास कराया।