सीतापुर। जनपद के 11 नगर निकायों में चार मई को होने वाले मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। हर निकाय क्षेत्र में एक-एक सीओ को तैनात किया गया है। गैर जनपद से भी दो सीओ यहां भेजे गए हैं। सभी निकायों में एक-एक क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) भी गठित की गई है। पूरे जिले में 27 बैरियर और 52 पिकेट भी बनाए गए हैं।
जिले के 11 नगर निकायों के लिए चार मई को मतदान होना है। इसके लिए पुलिस ने 11 नगर निकायों में 400 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों की ड्यूटी लगाई है। 1,500 सिपाही, 450 महिला सिपाही और 1,184 होमगार्ड भी तैनात किए गए हैं। गैर जनपद से 25 निरीक्षक और 75 उपनिरीक्षकों की ड्यूटी जिले में लगाई गई है।
हर निकाय क्षेत्र में एक फ्लाइंग स्क्वायड और और स्टेटिक सर्विलांस टीम भी लगाई गई है। एक कंपनी सीमा सुरक्षा बल और दो कंपनी पीएसी भी निकाय चुनाव में तैनात है। हर संवेदनशील बूथ पर पीएसी तैनात रहेगी। हर बूथ पर दो सिपाही और दो होमगार्ड लगाए गए हैं। जिस मतदान केंद्र पर तीन से अधिक बूथ हैं वहां उपनिरीक्षक भी तैनात हैं।