खैराबाद। जिले के 11 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अब एक्सरे की सही रिपोर्ट मिल सकेगी। इनमें से अधिकांश जगहों पर चेस्ट स्टैंड लगवा दिया गया है। जहां यह स्टैंड नहीं है, वहां इसे लगवाने की कवायद शुरू कर दी गई है। बता दें कि जिले के 11 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 19 लाख रुपये की लागत से एक्सरे मशीनें लगवाई गई थीं, लेकिन इसके मुख्य उपकरण चेस्ट स्टैंड को लगवाना जिम्मेदार भूल गए थे। ऐसे में एक्सरे की सही रिपोर्ट नहीं मिल पाती थी। वहीं, कमजोर मरीजों व बच्चों को वजनी प्लेट हाथ से पकड़वाकर एक्सरे करवाए जा रहे थे। इस पर अमर उजाला ने बीते 23 सितंबर को सीएचसी में उपकरण नहीं, एक्सरे कराने में छूट जाता पसीना शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेकर तत्कालीन सीएमओ ने चेस्ट स्टैंड लगवाने की कवायद शुरू कर दी थी, जो अब ज्यादातर सीएचसी में पहुंच गया है। खैराबाद सीएचसी अधीक्षक डाॅ. रमाशंकर गुप्ता ने बताया डिजिटल एक्सरे मशीन के सभी उपकरण मौजूद हैं। वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभी 11 सीएचसी को आदेश किया गया था कि वह लोग डिजिटल एक्सरे के साथ सभी जरूरी उपकरणों को खरीद लें। अधिकांश जगह समस्या दूर हो गई है।