सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। कार में सवार सात लोग घायल हो गए। इसमें से एक घायल को लखनऊ ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
टडई कलां निवासी पंकज (23) शनिवार सुबह गांव के ही अपने साथी आसिफ (18), खालिद (21), अकरम (20), समीर (19) साकिर (20) शोएब (18) के साथ किसी काम से लखनऊ जा रहे थे। अटरिया क्षेत्र के कबरन गांव के निकट हाईवे पर चल रही कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और खड्ड में जाकर पलट गई।
हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी सिधौली लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पंकज को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। अन्य घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।