लहरपुर में पुलिस को चोट के निशान दिखाते दुकानदार।
लहरपुर। कोतवाली क्षेत्र की वक्फ मार्केट के एक दुकानदार ने सोमवार को कुछ दबंगों पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में केस दर्ज कर जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गुरखेत बाजार स्थित वक्फ मार्केट में मोहल्ला लोखरियापुर निवासी उस्मान खां रविवार देर रात अपनी जनरल स्टोर दुकान को बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच शाहकुलीपुर निवासी इरफान, अब्दुल्ला व अन्य पहुंच गए। पीड़ित का आरोप है कि सभी उसे गाली-गलौज करते हुए मारने-पीटने लगे। उस्मान का आरोप है कि दबंगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। दबंगों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, उनके पास कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड भी थी।
पीड़ित भागकर एक मेडिकल स्टोर में घुसा तो दबंगों ने वहां भी मारपीट की है। जिससे उसे काफी चोटें आईं। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। कोतवाली प्रभारी मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।