सीतापुर। थानगांव थाना क्षेत्र में बुधवार रात संदिग्ध हालत में एक पिकअप पर जा रही तीन भैसों को ग्रामीणों ने रोक लिया। ग्रामीणों के मुताबिक भैंसों को चोरी करके ले जाया जा रहा था। वहीं पुलिस जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।
शंकरपुर झिसनी गांव के बाहर बुधवार को तीन भैसें एक पिकअप में लदी हुई जा रहीं थी। देर रात नित्यक्रिया जाते समय ग्रामीणों की नजर पड़ते ही वाहन चालक मवेशियों और वाहन को छोड़ भाग निकले। ग्रामीणों ने बताया कि वह चोर थे जो कि उनको देखकर भाग गए।
पुलिस ने वाहन और भैंसों को अपने कब्जे में ले लिया। प्रभारी एसओ अरविंद शुक्ला ने बताया कि कई लोग आकर भैसें अपनी होने की बात कह रहे हैं। एक टीम को गांव में भेजकर जांच कराई जा रही है। वहीं वाहन का स्वामी कौन है, इसकी भी जांच की जा रही है।