खैराबाद/महाराजनगर। विकासखंड परसेंडी में तैनात ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बिना निर्माण कार्य के पैसे निकाल लिए। खंड विकास अधिकारी की जांच में सचिव को दोषी पाया गया था।
जिला विकास अधिकारी हरीशचंद्र प्रजापति ने निलंबन आदेश जारी किया है। इसके अनुसार बीडीओ परसेंडी द्वारा ग्राम पंचायत भवाना के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया था। इसमें दिव्यांग शौचालय रेलिंग विहीन व बंद पाया गया। शौचालय का निर्माण मानक की अनदेखी कर किया गया था।
ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बालक व बालिका शौचालय में किसी प्रकार का कोई कार्य नहीं कराया गया। विद्यालय की बाउंड्री क्षतिग्रस्त होने के बावजूद भी नहीं बनवाई गई। विद्यालय में इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य के नाम पर 1,36,517 रुपये निकाल लिए गए जबकि काम हुआ ही नहीं। गांव में हरद्वारी के मकान से श्रीकेशन के मकान तक इंटरलॉकिंग के निर्माण में मानकों की अनदेखी करते हुए 2,12,441 रुपये सामग्री के नाम पर निकाले गए।
गो संरक्षण अभियान के तहत भवाना में अस्थायी पशुबाड़ा पर 40 हजार का का खर्च दिखाकर निकाले गए। मौके पर मात्र छह हजार खर्च किए गए। निलंबन के दौरान ग्राम विकास अधिकारी पवन कुमार गौतम को ब्लॉक लहरपुर से संबद्ध किया गया है। इनके मामले की जांच भी बीडीओ लहरपुर को सौंपी गई है।