सीतापुर। सीतापुर नगरपालिका की मतगणना के दौरान भाजपा व सपा कार्यकर्ता इनवैलिड वोट को लेकर आपस में भिड़ गए। इसके बाद हाथापाई भी शुरू हो गई। कुछ ही देर में रिटर्निंग अफसर व पुलिस ने शांत कराया। सपा एजेंट को बाहर कर दिया तो अर्धसैनिक बलों के जवानों ने लाठियां भांज दी। उसके बाद उस एजेंट को फिर से मतगणना कक्ष के अंदर कर दिया गया।
भाजपा प्रत्याशी नेहा अवस्थी व सपा प्रत्याशी रश्मि जयसवाल के एजेंट दोपहर करीब तीन बजे मतगणना पंडाल में भिड़ गए। कुछ ही दूरी पर रिटर्निग अफसर एसडीएम सदर गौरव रंजन श्रीवास्तव बैठे हुए थे। अवैध मत को लेकर जोर शोर से चिल्लाने लगे। उसके बाद हाथापाई हो गई। पांडाल में मौजूद पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराने का प्रयास कर रहे थे।
इसी दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी प्रकाश कुमार ने सपा के एजेंट को बाहर कर दिया। पंडाल के बाहर मौजूद अर्धसैनिक बलों ने उस एजेंट को पकड़कर लाठियों से पीट दिया। एजेंट को गेट के बाहर कर दिया गया और पुलिस उसे कोतवाली लिए जा रही थी, तभी किसी ने बताया यह एजेंट है। उसके बाद उसे फिर से पंडाल में प्रवेश दिया गया। इससे करीब आधे घंटे तक अफरातफरी मची रही।