खैराबाद (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में पंचायत भवन निर्माण के विवाद को सुलझाने के लिए पहुंची पुलिस से अभद्रता के मामले में अब भीम आर्मी उतर आई है। सोमवार को कार्यकर्ताओं ने आरोपी प्रधान के पक्ष में नारेबाजी की और प्रदर्शन करने के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा।
रविवार को भगौतीपुर में बन रहे पंचायत भवन के विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस से प्रधान और उसके पति ने अभद्रता की थी। पुलिस ने शांति भंग के आरोप में प्रधान पति गंगाराम और उनके दो साथी प्रभात और आनंद का चालान कर दिया था। पंचायत भवन बनने को लेकर भगवतीपुर और रफातपुर गांव के बीच में विवाद है। प्रधान गुड्डी देवी भगवतीपुर में पंचायत भवन बनवा रही थी।
जबकि गांव के अनूप त्रिपाठी का तर्क है कि पुराना पंचायत भवन रफातपुर गांव में बना था। नया भी वहीं बनना चाहिए। जिसको लेकर ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन भेजा था।
सोमवार को आर्मी प्रदेश संयोजक डॉ कुलदीप भार्गव अपने समर्थकों के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे और पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि खैराबाद पुलिस ने ग्रामवासियों पर डंडे बरसाए है। प्रधान के साथियों को बिना वजह ही गिरफ्तार कर लिया।
एसओ अरविंद सिंह का कहना है कि भीम आर्मी के आरोप निराधार है। किसी को भी पुलिस ने नहीं पीटा है। एसडीएम सदर अनिल कुमार का कहना है कि विवादित पंचायत भवन की जांच होने तक यथास्थिति बनाए रखने के लिए कहा गया था।