सिधौली सीतापुर। कोतवाली इलाके में रविवार रात बियर लदी एक डीसीएम बाइक को टक्कर मारने के बाद पलट गई। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। ट्रक पलटने से बियर के कैन सड़क पर बिखर गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, क्रेन की सहायता से डीसीएम को हटवा कर चालक को हिरासत में लिया गया है। जिला हापुड़ के थाना पुलखुवा के बजहिया खुर्द निवासी हरेंद्र नाथ सीतापुर मुख्यालय की ओर से डीसीएम में बियर लेकर लखनऊ की ओर जा रहा था। इस दौरान गढ़िया हसनपुर निवासी मोहम्मद अहमद 22 अपनी बाइक से घर जा रहा था। अहमद कस्बे में कबाड़ की दुकान चलाता है। अहमदपुर जट गांव के सामने हाईवे पर डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर के उस पार चली गई और अहमद की बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डीसीएम एक खंभे से टकराकर सड़क पर ही पलट गई।
अहमद ने हेलमेट नहीं लगाया था सिर में गंभीर चोटें आने के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सीओ सिधौली यादवेंद्र यादव ने बताया कि चालक ने शराब पी रखी थी। हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ट्रांसपोर्टर को बुलाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।