हरगांव (सीतापुर)। हरगांव क्षेत्र पंचायत के सदस्यों ने 19 माह के मानदेय व बाधित कार्य योजना को लेकर बीडीओ दफ्तर का घेराव कर प्रदर्शन किया। बीडीओ के मौजूद न होने पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सहायक विकास अधिकारी व जेई आरईएस को ज्ञापन सौंपा।
क्षेत्र पंचायत स्वाभिमान संघ के बैनर तले बीडीसी सदस्यों के धरना प्रदर्शन में पहुंचे ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश वर्मा ने कहा कि क्षेत्र पंचायत के सदस्यों को लगभग 19 माह से मानदेय नहीं दिया गया है। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की ओर से दी गई कार्य योजनाओं को भी अमली जामा पहनाने में खंड विकास अधिकारी अवध प्रताप सिंह की तरफ से हीलाहवाली की जा रही है। क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज शुक्ला ने बताया कि प्रधानों की तरह क्षेत्र पंचायत सदस्यों को भी क्षेत्र के विकास की कार्य योजनाओं में भागीदारी दी जाए।
मनरेगा के तहत क्षेत्र पंचायत सदस्यों को वर्ष 2022-23 में कार्य कराने की स्वीकृति दी जाए। एक-एक पशु बाड़े के साथ सोलर लाइटें भी दी जाएं। क्षेत्र पंचायत सदस्य संदीप कुमार व दिनेश कुमार प्रजापति ने बताया कि हमारी मांगों पर विचार न किया गया तो सामूहिक रूप से अपने पदों से त्याग पत्र दे देंगे। बीडीओ की अनुपस्थिति में सहायक विकास अधिकारी पंचायत वीरसेन व जेई आरईएस अजय कुमार आजाद को ज्ञापन दिया।
इस मौके पर रानी देवी, बिहारी लाल, चंद्रानी देवी, हंसराम, जूली देवी, बीना देवी, सुनीता सिंह, अभय प्रताप सिंह, पूनम वर्मा, सुशीला देवी, मसरूर खां, विकास कुमार आदि क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद थे।