सीतापुर। जिले के पिछड़ा वर्ग के इंटरमीडिएट उत्तीर्ण बेरोजगार युवक व युवतियों को निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण की सुविधा दी जा रही है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवि शंकर गिरि ने बताया कि निदेशालय पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निशुल्क ओ लेवल व ट्रिपल सी प्रशिक्षण के लिए आवेदन मांगे हैं। वहीं, आवेदन करने व प्रशिक्षण प्रारंभ होने का शेडयूल भी जारी कर दिया है। इसके तहत 10 नवंबर तक इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। इस योजना के तहत एक लाख रुपये वार्षिक ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की आय सीमा में आने वाले व्यक्तियों को ही प्रशिक्षण अनुमन्य होगा। वहीं, प्रशिक्षण के लिए इंटरमीडिएट की न्यूनतम शैक्षिक अर्हता आवश्यक है। प्रशिक्षणार्थी की अधिकतम आयु 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। प्रशिक्षणार्थी बेरोजगार हो और किसी शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति न ले रहा हो। आवेदक का सीतापुर का मूल निवासी होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http://obccomputertraining.upsdc.gov.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रति का प्रिंट आउट सभी अभिलेखों व विवरणों (आय, जाति व अन्य शैक्षिक अभिलेख) के साथ कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी में 10 नवंबर शाम 5 बजेे तक जमा कर दें।